बुलंदशहर, जेएनएन। देशभर में लॉकडाउन होने के बाद से दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद आदि जगहों से पिछले पांच दिनों से लगातार लोगों अन्य जनपदों में आना जारी है। लोग पैदल ही अपने परिवार के साथ बदायूं आदि जनपदों की ओर जा रहे हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग नरौरा पहुंचे। लेकिन पड़ोसी जनपद संभल की पुलिस ने उन्हें अपने जनपद में प्रवेश करने से रोक दिया, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बाद में अफसरों के वार्ता के बाद इन लोगों को दूसरे जनपद में प्रवेश की अनुमति मिल सकी।
नरौरा बैराज में पुलिस ने कराया शांत
सूचना पर बुलंदशहर पुलिस भी मौके पर पहुंची और नरौरा बैराज पर जमे लोगों को किसी प्रकार समझा कर शांत किया। साथ ही संभल पुलिस से भी बातचीत का प्रयास किया गया। लेकिन घंटों तक संभल पुलिस ने जमा हुई भीड़ को अपने जनपद में आने से रोके रखा। बाद में दोनों जिलों के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद लोगों को संभल जनपद की सीमा में प्रवेश मिला। इस दौरान लोगों ने हंगामा भी किया और दोनों जनपदों की पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति भी बन गई।
झेल रहे काफी परेशानी
वहीं दूसरी ओर भीड़ में शामिल महिला और बच्चे भूख से काफी परेशान थे। कई लोगों ने दो दिनों से कुछ नहीं खाया था। लोगों ने बताया कि लगातार पैदल चलने के कारण कई लोगों को बुखार हो गया है, जबकि अधिकांश के पैरों में छाले पड़े हुए हैं। लेकिन सभी हर हाल में अपने घर पहुंचना चाहते हैं। मामले में एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि बाहर से आए लोगों को भोजन कराकर रवाना किया जा रहा है। नरौरा में भी पुलिस ने संभल पुलिस से बात कर सभी को रवाना कर दिया है।